हर्षिता इंटरनेशनल दिव्यांग स्कूल में लायंस क्लब जौनपुर गोमती ने किया भोजन वितरण, बच्चों की मुस्कान ने सदस्यों को किया भावुक।
लायंस क्लब इंटरनेशनल के हंगर प्रोजेक्ट के अंतर्गत लायंस क्लब जौनपुर गोमती द्वारा हर्षिता इंटरनेशनल दिव्यांग स्कूल, बक्सा, जौनपुर में दिव्यांग बच्चों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटना, उनके चेहरों पर मुस्कान लाना तथा समाज में मानवता, संवेदना और सेवा के भाव को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच समय बिताते हुए क्लब के सदस्यों ने भावनाओं से भरे उन पलों को महसूस किया, जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है। बच्चों की मासूम मुस्कान, उनका अपनापन और उनके साथ बिताए गए क्षणों ने उपस्थित सदस्यों के हृदय को गहराई से स्पर्श किया। सदस्यों ने अनुभव किया कि यह केवल भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और इंसानियत से जुड़ने का एक अविस्मरणीय अवसर था।
लायंस क्लब जौनपुर गोमती के अध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर 'दीपू' के नेतृत्व में क्लब लगातार समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियाँ संचालित कर रहा है।
इस अवसर पर सचिव नवीन मिश्रा ने कहा कि “हर्षिता इंटरनेशनल दिव्यांग स्कूल में बच्चों के साथ बिताए गए पल अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी रहे। सेवा का वास्तविक आनंद तब मिलता है, जब हमारे छोटे-से प्रयास से किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। इन बच्चों से मिलकर यह एहसास हुआ कि इंसानियत की सबसे खूबसूरत भाषा प्रेम, अपनत्व और संवेदना है।
कार्यक्रम में क्लब के कोषाध्यक्ष ऋषिदेव, वरिष्ठ पत्रकार अनिल कुमार पाण्डेय, शिवकुमार साहू सहित सदस्यों की सहभागिता रही। सभी ने इस तरह के सेवा कार्यों को समाज के प्रति अपने दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
लायंस क्लब जौनपुर गोमती ने संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में भी जरूरतमंदों, दिव्यांग बच्चों एवं समाज के वंचित वर्गों की सहायता के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।


