यूपी महासमर 27: सीटों को लेकर उलझे दो बड़े गठबंधन!
---------------------------------------
कैलाश सिंह-
राजनीतिक संपादक
---------------------------------------
-भाजपा इस बार बीते संसदीय चुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों और उन एमएलसी से मन्त्री बने नेताओं को भी विधान सभा की चुनावी परीक्षा में उतार सकती है! चारों सहयोगी दलों की मांग मिलाकर ट्रिपल डिजिट हो रही, उन्हें पांच दर्जन में समेटने की योजना पर पार्टी में हो रहा मंथनl
-सपा- कांग्रेस में ट्रिपल डिजिट और स्पेशल 26 को लेकर चल रहा संघर्ष जगजाहिर, राहुल गाँधी और अखिलेश यादव इस बयानबाजी से खुद को किये हैं दूर, वजीरों की जुबानी जंग बिहार चुनाव जैसे हालात दोहरा रहीl ओवैसी- आज़म का छायावादी युद्ध अलग रंग दिखा रहाl
---------------------------------------
लखनऊ/दिल्ली, (तहलका संवाद टीम)l इंडिया और एनडीए इन दो बड़े गठबन्धनों के लिए मिशन 27 की सरगर्मी नवम्बर की सर्दी में ही तेजी पकड़ चुकी हैl इस राजनीतिक महासमर में इनके छोटे- बड़े क्षत्रप भी अपनी सीट संख्या बढ़ाने को गोटी बिछाने लगे हैंl अगले साल की पहली तिमाही में देश के पांच राज्यों में विधान सभा चुनाव होने हैंl इनमें सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में घमासान भी जोर पकड़ चुका हैl नेताओं की जुबान अभी से फिसलने लगी हैl कई दल अपने अस्तित्व बचाने को लगे हैंl जहां भाजपा अपनी सत्ता बनाए रखने की योजना पर चल रही है, वहीं विगत दो चुनावों में मात खा चुकी सपा तीसरी बार नहीं चूकना चाहती हैl यही कारण है कि इंडिया गठबंधन के दो बड़े दलों सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर अंदरूनी संघर्ष मीडिया के जरिये पब्लिक डोमेन का हिस्सा बन गया हैl कांग्रेस ट्रिपल डिजिट में सीट मांग रही है और सपा उसे स्पेशल- 26 में समेटना चाहती हैl दूसरी तरफ़ एनडीए का बड़ा दल भाजपा के यूपी में चार सहयोगी पार्टियों के मुखिया जिनका कोई मैनिफेस्टो नहीं है,उन्हें बस अपने कुनबे को चुनाव लड़ाने का खर्च निकालने को टिकट चाहिए जिनकी सामूहिक संख्या 100-150 यानी ट्रिपल डिजिट टच कर चुकी हैl इस समूचे राजनीतिक परिदृश्य पर वरिष्ठ पत्रकार और विश्लेषकों एस. पांडेय, उमेश श्रीवास्तव एवं सै. हसनैन कमर 'दीपू' का आकलन भी इस एपिसोड में मिलेगाl
भाजपा में 'मोदी-योगी' प्रचार के लिए बड़े और पर्याप्त चेहरे: राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के पास प्रचार के लिए दो बड़े चेहरे 'मोदी-योगी' पर्याप्त हैंl ऐसा संघ और संगठन के साथ समर्थक भी मानते हैं, जिसके गले यह बात नहीं उतरती है उसे बीते वर्षों हुए विभिन्न राज्यों के विस चुनावों में इनके स्ट्राइक रेट पर नज़र डाल लेनी चाहिएl हर जगह इनकी डिमांड भी सर्वाधिक रहती हैl पार्टी व संघ सूत्रों की मानें तो इस बार भाजपा अपने उन नेताओं को भी चुनावी समर की परीक्षा देने को मैदान में उतारने जा रही है जो बग़ैर चुनाव जीते मन्त्री बनकर मलाई काट रहे हैंl इनमें कई एमएलसी भी हैंl उनके स्थान पर राज्यसभा की तर्ज पर उन नेताओं को एमएलसी बनाया जाएगा जो नेपथ्य में हैंl इनके साथ वह लोग भी मैदान में उतारे जाएंगे जो लोकसभा चुनाव में कम अंतर से पराजित हुए हैंl रहा सवाल सहयोगी दलों का तो उनकी टिकटों की बढ़ती मांग संख्या पांच दर्जन में समेट दी जाएगीl अब इनमें किसी के हिस्से 15 से अधिक तो किसी को उससे कम पर संतोष करना होगाl पुर्वांचल में इनमें से कुछ दलों द्वारा तो टिकटों के सापेक्ष कथित नीलामी करोड़ो में चलने की खबर अफवाह बनकर तेजी से फैल रही हैl एक अन्य दल जो कभी बड़ी पार्टियों में शुमार था उसके एक दर्जन टिकट पार्टी फंड के नाम पर करोड़ो में बिक चुके हैंl खबर तो यह भी है कि अब उसका रेट कम होने की बात बोलकर उसके कथित कार्यकर्ता लोगों से संपर्क साध रहे हैंl
राहुल गाँधी ने तेजस्वी को एक बार भी नहीं माना सीएम चेहरा, फ़िर अखिलेश को मानेंगे इसकी गारन्टी कौन देगा? यह सच है कि जिस तरह बिहार में एनडीए के सामने टक्कर देने में सक्षम आरजेडी रही और उसका बड़ा चेहरा तेजस्वी यादव रहेl उसी तरह यूपी में भाजपा के सामने बड़ी पार्टी सपा और बड़ा चेहरा अखिलेश यादव हैंl कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने बिहार में चुनाव के दौरान मीडिया के सवालों पर भी कभी तेजस्वी को सीएम फेस नहीं बोले, ऐसे में वह अखिलेश को सीएम फेस मानेंगे इसकी गारन्टी कौन देगा? शायद यही कारण है कि टिकट बंटवारे के लिए कांग्रेस ने यूपी में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद की कमेटी को आगे किया तो अखिलेश यादव ने भी अपने चाचा प्रो. राम गोपाल यादव की कमेटी पर फैसला छोड़ दियाl दोनों बड़े नेता खुद को दूर किये हैं और कमेटियों के लोग जुबानी जंग कर रहे हैंl मीडिया के सवालों पर दोनों दलों के लोग लीपापोती करते हुए कतरा भी रहे हैंl
आज़म खान ने अपने डायलाग से असदुद्दीन ओवैसी को प्रासंगिक बना दियाः जब अंतरिम जमानत पर सपा के पूर्व मन्त्री आज़म खान जेल से बाहर आये तो राजधानी में पार्टी दफ्तर के पास उनका पोस्टर लगा था, लेकिन उनके स्वागत में अखिलेश यादव नहीं पहुंचेl खैर, बाहर आते ही आज़म खान ने हैदराबादी बिरयानी के जरिए तंज किया और साथ ही मीडिया के सवालों पर कहा कि अब यूपी में चुनाव नहीं, इंकलाब होगा और सैलाब आयेगाl राजनीतिक विश्लेषक इसके अलग- अलग मायने निकाल रहे हैंl विश्लेषकों की मानें तो आज़म खान ने अपने डायलाग से ओवैसी का महत्व यूपी के चुनाव में बढ़ा दियाl अब लोग सोचने पर विवश हैं कि आज़म जैसा कद्दावर नेता यदि उनके यूपी चुनाव में गठबंधन के तहत उतरने पर नोटिस किया है तो बन्दे में कुछ तो दम जरूर हैl
जब अपने ही बयान पर फंस गए डिप्टी सीएम केशव मौर्य: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक बयान में कहा कि भाजपा किसी चेहरे पर नहीं, बल्कि पार्टी सिम्बल पर मैदान में आयेगीl यह पूछने पर कि सीएम चेहरा कौन होगा? इसके जवाब में वह पार्टी के चुनाव निशान के इर्दगिर्द घुमाते रहेl राजनीतिक विश्लेषक इस बयान को उनकी भडास मान रहे हैंl यानी वह सीएम योगी आदित्यनाथ को नहीं पचा पा रहे हैंl इसी सवाल पर योगी ने कहा, सबको मालूम है पार्टी चिन्ह ही सबकुछ है और सीएम चेहरा भी कौन हैl विदित हो कि गृह मंत्री अमित शाह सभी पांच राज्यों में यूपी को प्रथम वरीयता में रखते हुए योगी आदित्यनाथ के साथ कब का तालमेल बिठा चुके हैंl


